IND vs NZ 5th T20 Live: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला आज हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है। मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके साथ ही भारतीय टीम को इस सीरीज में पहली बार पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। इससे पहले खेले गए चारों मुकाबलों में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। अब भारतीय बल्लेबाजों के सामने न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने की चुनौती है।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू
भारत की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ओवर में जैकब डफी के खिलाफ भारतीय ओपनर्स अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने दो रन बनाए, लेकिन दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर टीम को बड़ा झटका लग गया। एडम मिल्ने की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अभिषेक शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे। वह महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। डेरिल मिचेल ने उनका शानदार कैच पकड़ा। इसके साथ ही भारत ने शुरुआती ओवरों में ही अपना पहला विकेट खो दिया। फिलहाल संजू सैमसन का साथ देने ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पिच से स्विंग और सीम दोनों मिल रही हैं, जिससे भारतीय बल्लेबाजों के सामने शुरुआती चुनौती बढ़ गई है।
श्रेयस अय्यर 12 गेंदों में 23 रन बनाकर क्रीज पर डटे
भारत ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 72 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने ने एक बार फिर अपने ओवर की पहली गेंद पर विकेट हासिल कर भारत को दूसरा झटका दिया। उन्होंने संजू सैमसन को डग ब्रेसवेल के हाथों कैच आउट कराया। सैमसन 10 गेंदों में महज चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच 50 से अधिक रनों की साझेदारी हो चुकी है। फिलहाल ईशान किशन 24 गेंदों में 41 रन और श्रेयस अय्यर 12 गेंदों में 23 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
61 रन की तूफानी पारी खेलकर ईशान किशन लौटे पवेलियन
शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन की तूफानी पारी का आखिरकार अंत हो गया। 11वें ओवर में ब्लेयर टिकनर ने उन्हें नाथन स्मिथ के हाथों कैच कराकर भारत को तीसरा झटका दिया। ईशान ने आउट होने से पहले महज 32 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 93 रनों की आक्रामक साझेदारी की और भारतीय पारी को मजबूती दी। ईशान के विकेट के साथ ही न्यूजीलैंड को एक बड़ी राहत मिली है
न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 191 रन बनाए। एक समय ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए भारतीय टीम के 200 रन का आंकड़ा पार करने की उम्मीद नजर आ रही थी, लेकिन मध्यक्रम में विकेटों के लगातार गिरने से यह मंसूबा पूरा नहीं हो सका। भारत ने आखिरी 21 रनों के भीतर अपने तीन विकेट गंवा दिए। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की फील्डिंग भी काफी कमजोर रही। कीवी खिलाड़ियों ने कई अहम मौकों पर कैच टपकाए, जिनमें श्रेयस अय्यर और नमन के आसान कैच भी शामिल रहे। इसके बावजूद भारतीय टीम 200 रन तक पहुंचने में नाकाम रही।

